दिनदहाड़े हमलों से दहशत, स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी संकट
ग्राम पंचायत मछियाड में गुलदार (तेंदुआ) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में किसान मान सिंह महरा के दो बैलों को एक सप्ताह के भीतर ही गुलदार ने मार डाला, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
रीठा साहिब (चंपावत) ग्राम पंचायत मछियाड में इन दिनों गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक सप्ताह में किसान मान सिंह महरा के दो बैलों को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्राम प्रधान विनोद बड़ेला के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हालात यह हैं कि अब दिन के समय भी मवेशियों पर हमले हो रहे हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्र इंटर कॉलेज से सटा हुआ है और इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं रोजाना गुजरते हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
गुलदार के खौफ के चलते किसान अपने मवेशियों की सुरक्षा के लिए दिन-रात निगरानी करने को मजबूर हैं। वहीं, वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है, लेकिन इसके बावजूद गुलदार का आतंक कम नहीं हो रहा है।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए और गांव में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

