चम्पावत/देहरादून। उत्तराखंड में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, देहरादून की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य के विभिन्न जनपदों में चरणबद्ध तरीके से सीधी भर्ती आयोजित की जाएगी।
महानिदेशक/कमाण्डेंट जनरल डॉ. पी.वी.के. प्रसाद द्वारा जारी निर्देशों में सभी जिला कमाण्डेंट को भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। भर्ती शासनादेश के तहत स्वीकृत पदों के सापेक्ष कंपनी/प्लाटून स्तर पर की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया को दो चरणों में विभाजित किया गया है। प्रथम चरण में बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पीडी और उधमसिंहनगर जनपद शामिल हैं, जबकि द्वितीय चरण में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में भर्ती होगी।
प्रथम चरण की भर्ती के तहत 4 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक आरक्षण रोस्टर तैयार किया जाएगा। इसके बाद 16 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच भर्ती का विज्ञापन प्रकाशित किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 13 मई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 20 मई 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा और नापतौल की प्रक्रिया शुरू होगी।
द्वितीय चरण के जनपदों के लिए भर्ती की तिथियां और विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।
मुख्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश, आवेदन पत्र का प्रारूप और समय-सारणी संबंधित जनपदों को भेज दी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शासनादेश का अक्षरशः पालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराएं।



