“घर-घर पहुंचेगी सफाई सेवा: पाटी में आधुनिक कूड़ा वाहन का शुभारंभ”
जनपद चंपावत में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में शुक्रवार को नगर पंचायत पाटी में ब्लॉक प्रमुख शंकर अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी नीतू डांगर ने नवीन कूड़ा वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में सेवा हेतु रवाना किया गया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत पाटी कमल सिंह मेहता ने बताया कि यह आधुनिक कूड़ा वाहन अब नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करेगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि वाहन में अत्याधुनिक प्रावधान किए गए हैं, जिनके अंतर्गत गीला कचरा, सूखा कचरा, इलेक्ट्रॉनिक कचरा, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट (बायो-मेडिकल वेस्ट) तथा अन्य खतरनाक कचरे के पृथक-पृथक संग्रहण हेतु अलग-अलग खंड बनाए गए हैं। इससे कचरे के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण में उल्लेखनीय सुविधा होगी।
कार्यक्रम अंतर्गत नगर पंचायत पाटी क्षेत्र में प्रत्येक परिवार को दो (कुल 1200 से अधिक) डस्टबिन वितरित किए गए। साथ ही, स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे घरों का कचरा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित कूड़ा वाहन में ही डालें।
इस अवसर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


