जिलाधिकारी के निर्देश पर लोहाघाट टैक्सी स्टैंड का हाईटेक शौचालय पूर्णतः संचालित, यात्रियों को मिली राहत

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में लोहाघाट के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड स्थित हाईटेक शौचालय को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया गया है, जिससे यात्रियों एवं पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है।

हाल ही में दैनिक समाचार पत्र में शौचालय के बंद होने संबंधी प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका लोहाघाट, श्री सौरभ नेगी ने कार्यवाही करते हुए बताया कि हाईटेक शौचालय वर्तमान में पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित कर दिया है और आमजन के उपयोग के लिए खुला है।

उन्होंने बताया कि शौचालय में बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिला पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड स्थित शौचालय को नियमित रूप से खुला रखा जाएगा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने नगरपालिका प्रशासन को शौचालय की नियमित निगरानी एवं साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनसुविधाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *