गुरु गोरखनाथ धाम में व्यवस्थाओं का जायजा, पार्किंग व हेलीपैड निर्माण की पहल

चम्पावत। जनपद में स्थित प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने धाम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने दुबड़ क्षेत्र में संभावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, मंदिर तक पहुंचने वाले लगभग 2 किलोमीटर लंबे मार्ग और परिसर में सीएनडीएस द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, मंदिर परिसर में हेलीपैड निर्माण के लिए भी उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया गया। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में तैनात एसएसबी जवानों से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।

इस अवसर पर संत-महात्माओं के साथ लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रशासन की इस पहल से आने वाले समय में गुरु गोरखनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *