लोहाघाट / चंपावत I मोहित पाठक एवं लक्ष्मी दत्त पांडे समेत दूरस्थ क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। इस दौरान ग्रामीणों ने रास्ते, गूल निर्माण, चैन फेंसिंग, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स, गांवों को पर्यटन से जोड़ने, लोहाघाट में पार्किंग व्यवस्था और आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया I
बैठक में तराई क्षेत्र से आए ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी ग्राम सभाओं की समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया, जिससे ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। वहीं, कुछ समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में खराब गुणवत्ता या बिना नियमानुसार कार्य करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जाएं तथा समय-समय पर उनकी निगरानी और जांच सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।










