चंपावत ,
*टनकपुर में लोक कल्याण मेले की तैयारियों को लेकर बैंक प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न, जनहितकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर जोर*
नगर पालिका परिषद टनकपुर के सभासदों एवं बैंक प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक नगर पालिका टनकपुर अध्यक्ष श्री विपिन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य आगामी लोक कल्याण मेले के सफल आयोजन तथा राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना रहा।बैठक के दौरान अध्यक्ष ने बैंक प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि ‘पीएम स्वनिधि योजना’ सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित सत्यापन किया जाए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित पड़े सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, जिससे ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण मेले का प्राथमिक उद्देश्य पात्र एवं वंचित लाभार्थियों को एक ही छत के नीचे बिना किसी जटिलता के योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान करना है, और इसमें बैंकिंग संस्थानों की भूमिका अत्यंत निर्णायक है। अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए यह निर्णय लिया गया कि सभी बैंक अपने-अपने स्तर पर लंबित फाइलों को निस्तारित कर मेले के आयोजन से पूर्व स्वीकृत पत्र तैयार रखेंगे। इस अवसर पर पालिका प्रशासन की ओर से अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल एवं सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान उपस्थित रहे। वहीं बैंकिंग क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), भारतीय स्टेट बैंक (SBI), केनरा बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, जिला सहकारी बैंक तथा नैनीताल बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
kamal bhandari editor in chief ।

