चम्पावत,
*आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मांगों को शासन स्तर पर रखने का आश्वासन*
*आंगनबाड़ी केन्द्रों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के एसआईआर सहित अन्य कार्यों की जिलाधिकारी ने की सराहना*आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। संगठन द्वारा मानदेय में वृद्धि सहित सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि दिए जाने से संबंधित मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना और नियमानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से संबंधित मांगों को उचित स्तर पर प्रेषित किया जाएगा, ताकि उन पर आवश्यक विचार किया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिए गए दिशा निर्देशों के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जनपद में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सोलर लाइट जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के साथ ही क्षतिग्रस्त केन्द्रों की मरम्मत एवं अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर कराया जा रहा है।इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित एसआईआर कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा केन्द्रों के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त करने तथा केन्द्रों से संबंधित आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्यों को चिन्हित कर शीघ्र कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जाए।इस दौरान प्रा.सीडीओ अजय सिंह, एडीएम केएन गोस्वामी, डीपीओ महिला एवं बाल विकास पीसी बृजवाल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका/मिनी कर्मचारी उपस्थित रहें।
kamal bhandari editor in chief ।

