चंपावत। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का 63वां स्थापना दिवस बुधवार को वाहिनी मुख्यालय परिसर में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने किया, जिसमें अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत क्वार्टर गार्ड में सम्मान गार्ड द्वारा सलामी से हुई। कमांडेंट ने बलकार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए एसएसबी की परंपराओं, अनुशासन और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में श्वान दस्ते का प्रदर्शन, छात्राओं द्वारा पहाड़ी नृत्य, संदीक्षा परिवार के बच्चों की प्रस्तुति और लोक नृत्य ‘छलिया’ ने सभी का मन मोह लिया।
अंत में खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया और सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने सहभागिता कर एकता और सौहार्द का संदेश दिया।




