ड्रग फ्री देवभूमि के संकल्प को साकार करने के लिए समन्वित कार्रवाई करें अधिकारी:

चम्पावत ,

*ड्रग फ्री देवभूमि के संकल्प को साकार करने के लिए समन्वित कार्रवाई करें अधिकारी:

जिलाधिकारी**जिलाधिकारी ने एन-कॉर्ड बैठक में की नशामुक्ति अभियान की समीक्षा*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एन-कॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण, नशे के विरुद्ध जागरूकता, भांग विनिष्टीकरण तथा संबंधित विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही युवाओं को नशे से बचाने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम स्तर पर नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। अभियान में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी एवं चेकिंग बढ़ाने तथा बार-बार अपराध करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण करने तथा नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को नशे से प्रभावित व्यक्तियों के लिए परामर्श एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उन्हें और उनके परिजनों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देने को कहा।बैठक में अवगत कराया गया कि वर्ष 2026 में 27 अक्टूबर तक जनपद में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज 65 अभियोगों में 88 अभियुक्तों के कब्जे से 1.190 किलोग्राम हेरोइन/स्मैक, 445 नशीले इंजेक्शन, 6,254 नशीले कैप्सूल/टैबलेट, 10 सिरप तथा 11.863 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।इसके अतिरिक्त, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अपराध की पुनरावृत्ति करने वालों के विरुद्ध कठोर निवारक कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में अब तक तीन अभियुक्तों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत निरुद्ध किया गया है। जनपद में अब तक कुल 495 नाली क्षेत्रफल में भांग विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई है तथा यह अभियान वर्तमान में भी जारी है।जिलाधिकारी ने भांग विनिष्टीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने तथा चिह्नित क्षेत्रों में दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बैठक में दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने को कहा।बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तम, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान,मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, पुलिस उपाधीक्षक डी.एस. कप्रवाण, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, एआरटीओ रिशु तिवारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि हितेश कांडपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *