लोहाघाट में दीपावली के त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान*

चंपावत ,

*लोहाघाट में दीपावली के त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान*

आयुक्त खाद्य सुरक्षा, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के प्राप्त निर्देशों के क्रम में आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लोहाघाट के विभिन्न जनरल स्टोर, बेकरी और मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में आम जनमानस को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी द्वारा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में बेकरी उत्पादों एवं मिठाइयों के निर्माण और उपयोग की तिथि (उत्पादन एवं एक्सपायरी डेट) अंकित होने की विशेष रूप से जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में यह विवरण अंकित नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित दुकानदारों को एक से दो दिन के भीतर डिस्प्ले चिट्स लगाने के निर्देश दिए गए और इस संबंध में आवश्यक जागरूकता भी प्रदान की गई।इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई (हाइजीन), एफएसएसएआई लाइसेंस की वैधता तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, सूजी और रिफाइंड ऑयल सहित कुल 06 नमूनों को संग्रहित कर जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।विभाग द्वारा समस्त खाद्य कारोबारियों को हिदायत दी गई है कि वे पर्वों के दौरान उच्च गुणवत्ता की खाद्य सामग्री ही बिक्री के लिए रखें। साथ ही, ताजी और स्वच्छ खाद्य सामग्री का निर्माण करने तथा समय-सीमा समाप्त हो चुकी (कालतीत) सामग्री के क्रय-विक्रय के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए यह निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।इस निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल सम्मिलित रहे।

kamal bhandari editor in chief.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *