नीदरलैंड के विशेषज्ञ ने सेब बागवानी की आधुनिक तकनीकों से कराया काश्तकारों को अवगत

सेब की प्रूनिंग एवं ट्रेनिंग पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित, काश्तकारों को दी गई आधुनिक तकनीकों की जानकारी

12 मार्च 2026 को निदेशालय चौबटिया में सेब की प्रूनिंग एवं प्रशिक्षण से संबंधित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनपद चम्पावत के काश्तकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य काश्तकारों को सेब उत्पादन से संबंधित आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना तथा बागवानी प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाना था।

जिला उद्यान अधिकारी श्री मोहित मल्ली ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नीदरलैंड से आए विशेषज्ञ डॉ. पीटर द्वारा किया गया। वे उत्तराखंड सरकार एवं नीदरलैंड सरकार के मध्य चल रहे सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत यहां पहुंचे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने काश्तकारों को सेब की वैज्ञानिक प्रूनिंग, पौधों की सही ट्रेनिंग, बाग प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने से संबंधित आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जनपद के काश्तकारों को आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी मिलती है, जिससे सेब उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में वृद्धि संभव हो पाती है। साथ ही काश्तकारों को बेहतर प्रबंधन के माध्यम से आर्थिक रूप से भी लाभ प्राप्त होता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान काश्तकारों ने विशेषज्ञ से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं काश्तकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *