चम्पावत |
चम्पावत में अब सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए ‘Public App’ को प्रमुख माध्यम बनाया जाएगा।
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को इस ‘मेड इन इंडिया’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त Public App एक प्रभावी और विश्वसनीय माध्यम है, जिसके जरिए राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय स्तर तक की सूचनाएं आमजन तक उनकी भाषा में आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं। यह प्लेटफॉर्म शासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर पारदर्शिता और जनभागीदारी को भी मजबूत करता है।
उन्होंने जानकारी दी कि पंचायती राज मंत्रालय द्वारा इस ऐप पर @ministryofpanchayatiraj और @mpmdmopr (Meri Panchayat Meri Dharohar) जैसे आधिकारिक अकाउंट संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से योजनाओं और गतिविधियों की नियमित जानकारी साझा की जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को नियमित रूप से Public App पर अपलोड करें, ताकि सटीक और प्रमाणिक जानकारी समय पर लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने इसे डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और विकास कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही बढ़ेगी।
प्रशासन ने अधिकारियों और आम नागरिकों से Public App से जुड़ने और इसके उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की है, ताकि तकनीक के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।


