चम्पावत जनपद के दूरस्थ ग्राम पंचायत अमकड़िया में ग्राम प्रधान रेखा भट्ट के विशेष अनुरोध पर अद्वैत आश्रम मायावती के सौजन्य से राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमकड़िया में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पहुंची स्वास्थ्य टीम का स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमकड़िया रेखा भट्ट, ग्राम प्रधान लफड़ा रूद्र सिंह महर, ग्राम प्रधान मटेला अजय नरियाल सहित हेत सिंह बोहरा, घनश्याम भट्ट, टीकाराम भट्ट एवं प्रेम बल्लभ भट्ट ने पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रास समिति चम्पावत के चेयरमैन श्री राजेन्द्र गहतोड़ी के सहयोग से अद्वैत आश्रम मायावती के प्रबंधक स्वामी एकदेवानन्द महाराज, स्वामी आत्माप्रकाशानन्द महाराज, डॉ. अनुज कुमार सिंह राना, डॉ. लोकेश जोशी सहित विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने सहभागिता की। उनके साथ श्री सतीश चन्द्र पुनेठा, श्री मनोज पुनेठा, श्री पंकज चौड़ाकोटी, श्री अनिल पुनेठा, मोनिका बिष्ट एवं जीवन राम भी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान लगभग 160 मरीजों का उपचार, परामर्श एवं जांच की गई, जबकि कुल लगभग 170 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में दांत रोग, सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट दर्द, सिर दर्द, आंखों की समस्या, नसों से संबंधित रोग, नाक-कान-गला, हड्डी रोग तथा त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक संख्या में पहुंचे, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उचित सलाह एवं उपचार प्रदान किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में नन्दोला, अमकड़िया, बुड़ाखेत, लफड़ा, घुरचुम, पाली, मिरतोला एवं ओखलढूंगा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान रेखा भट्ट, रूद्र सिंह महर, अजय नरियाल सहित क्षेत्र के सभी ग्रामीणों एवं मरीजों ने अद्वैत आश्रम धर्मार्थ अस्पताल मायावती से आए स्वामी जी, चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के जनहितकारी आयोजनों की सराहना की।

