लोहाघाट में रविवार से 5 दिवसीय स्वच्छता अभियान को मिलेगा जनसहयोग, जिलाधिकारी ने की अपील

‘नमामि गंगे’ के तहत जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पर जिलाधिकारी के निर्देश

जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला गंगा समिति श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं नदी संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में निर्मित सभी सामुदायिक शौचालयों को तत्काल क्रियाशील बनाते हुए उनके नियमित संचालन एवं रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लीगेसी वेस्ट के शीघ्र एवं वैज्ञानिक निस्तारण हेतु त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में लोहाघाट की सामाजिक संस्था WelleyCreations की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता नेहा मुरारी द्वारा नगर क्षेत्र में व्याप्त गंदगी पर प्रस्तुति दी गई। उन्होंने अवगत कराया कि आगामी रविवार से लोहाघाट में 5 दिवसीय वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।

इस पर जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि “लोहाघाट के देवदार वन एवं प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है—स्वच्छता ही इसका आधार है।”

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोहाघाट एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित किए जाएं तथा सीसीटीवी कैमरे लगाकर कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने नगर निकायों से जुड़े अधिकारियों को सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ करने, ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, लीगेसी वेस्ट प्रबंधन तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान पर विशेष गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही नदी तटीय क्षेत्रों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वच्छ एवं निर्मल नदी का लक्ष्य तभी संभव है जब इसमें जनसहभागिता सुनिश्चित हो।”

बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन पलड़िया, अधिशासी अधिकारी लोहाघाट हितेश कांडपाल, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट, पीएमजीएसवाई के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *