चम्पावत जनपद में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव की अध्यक्षता में पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी की शुरुआत में पिछले माह दिए गए निर्देशों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं के बारे में जानकारी लेकर उनके समाधान के प्रयास भी किए गए।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। थाना लोहाघाट के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार को “बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” चुना गया, जबकि चार अन्य पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को वीआईपी ड्यूटी सहित अन्य जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचकों को गिरफ्तार व्यक्तियों को गिरफ्तारी का कारण लिखित रूप में बताने, ई-बीट बुक को अपडेट करने और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, वारंटियों की शत-प्रतिशत तामील, किरायेदार सत्यापन अभियान तेज करने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चेकिंग अभियान बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा, नशा तस्करी और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अधिक से अधिक ई-चालान, तथा संवेदनशील स्थलों पर फायर ऑडिट कराए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।





