चंपावत से बड़ी साहित्यिक खबर
जनपद चंपावत में आज दिनांक 09 मई 2026 को साहित्य एवं सांस्कृतिक चेतना मंच चंपावत के तत्वावधान में एस.एस.जे. परिसर चंपावत में युवा लेखिका सुश्री सपना भंडारी के चर्चित उपन्यास “मेरी कहानी” का भव्य लोकार्पण एवं विमोचन समारोह गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंचला बोहरा उपस्थित रहीं, जबकि समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. तिलक राज जोशी ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नवीन चंद्र पंत, राजेश गहतोड़ी, पुष्कर सिंह बोहरा एवं डॉ. लता राणा सहित एस.एस.जे. परिसर के फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
समारोह के दौरान उपन्यास “मेरी कहानी” की विषयवस्तु, भावनात्मक प्रस्तुति और सामाजिक संदेशों की जमकर सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह उपन्यास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और समाज को नई सोच प्रदान करने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर लेखिका सपना भंडारी के माता-पिता एवं उनकी नानी भी उपस्थित रहीं। परिवारजनों ने बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का माहौल भावुक एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
साहित्य प्रेमियों एवं क्षेत्रीय जनता से अपील की गई कि वे उपन्यास “मेरी कहानी” को पढ़ें और जानें कि यह रचना जीवन में संघर्ष, आत्मविश्वास और प्रेरणा का कितना सशक्त संदेश देती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं साहित्य प्रेमियों ने युवा लेखिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।








