चम्पावत नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई: “आज समस्या, आज निदान” का दिखा असर


चम्पावत।
नगर पालिका चम्पावत में “आज समस्या, आज निदान” का नारा उस समय साकार होता दिखाई दिया, जब जीआईसी चौक से लगभग 200 मीटर दूर तामली रोड स्थित एक विद्युत खंभे पर उगी बड़ी झाड़ी को शिकायत मिलते ही तत्काल हटवा दिया गया।
स्थानीय निवासी श्री लक्ष्मी दत्त पांडे जी ने समस्या का वीडियो बनाकर विकास जनता की आवाज न्यूज़ पोर्टल को भेजा। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा था कि विद्युत खंभे पर लगी स्ट्रीट लाइट जलने के बावजूद घनी झाड़ी के कारण उसका प्रकाश सड़क तक नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या को विकास जनता की आवाज न्यूज़ पोर्टल द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। खबर सामने आते ही नगर पालिका चम्पावत के ईओ श्री भरत त्रिपाठी ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और लगभग डेढ़ घंटे के भीतर नगर पालिका कर्मचारियों को मौके पर भेजकर झाड़ी की सफाई करवा दी।
झाड़ी हटते ही क्षेत्र में पुनः रोशनी सुचारु रूप से फैलने लगी, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। तेज़ और प्रभावी कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन की सराहना की।
श्री लक्ष्मी दत्त पांडे जी ने नगर पालिका एवं ईओ श्री भरत त्रिपाठी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई होती रही तो जनता का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की यह कार्यशैली अन्य विभागों के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण है, जहां शिकायतों का निस्तारण बिना देरी के किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *