चम्पावत में रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण

पर्यटन सीजन और गर्मी के मद्देनजर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने चम्पावत क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस, किचन की साफ-सफाई, हाइजीन, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और फ्रीजर के तापमान की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान किचन वर्करों द्वारा एप्रन व हेड कैप न पहनने और गंदगी पाए जाने पर चार खाद्य कारोबारियों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया। साथ ही पके हुए खाद्य पदार्थों के चार नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय लैब भेजे गए, जिनकी रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। टीम ने सभी कारोबारियों को गर्मी में भोजन के सही रखरखाव, फ्रोजन फूड के लिए उचित फ्रीजर तापमान बनाए रखने और किचन में अनिवार्य रूप से एप्रन व हेड कैप का उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए।
इस अभियान दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *