जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार प्रयासरत है।
इसी कड़ी में विगत दिवस आयोजित तहसील दिवस (05 मई, 2026) के दौरान प्राप्त गृहकर नामांतरण संबंधी शिकायत का सफलतापूर्वक समाधान कर दिया गया है।
मामले के अनुसार, प्रार्थी हर्षवर्धन सिंह निवासी वार्ड संख्या-1, टनकपुर द्वारा अपनी माता श्रीमती हीरा देवी के नाम पर गृहकर नामांतरण कराने हेतु लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में पूर्व में न्यायालय में वाद लंबित होने के कारण प्रक्रिया रुकी हुई थी।
माननीय न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश वाद खारिज किए जाने के बाद भी तकनीकी पेचों के कारण मामला लंबित था।
प्रार्थी द्वारा इस समस्या को लेकर तहसील दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष गुहार लगाई गई थी, जिस पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे।
नगर पालिका परिषद टनकपुर के अधिशाषी अधिकारी श्री ऋषभ उनियाल द्वारा मामले में त्वरित विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि पालिका के गृहकर अभिलेखों में भवन पूर्व में स्वर्गीय श्री मनोहर सिंह के नाम पर दर्ज था। माननीय न्यायालय के निर्णय के अनुक्रम में एवं पालिका के अधिवक्ता द्वारा दी गई विधिक राय के आधार पर सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। इसके बाद नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा उक्त भवन को गृहकर वसूली हेतु श्रीमती हीरा देवी पत्नी स्वर्गीय श्री मनोहर सिंह के नाम पर गृहकर पंजिका में दर्ज करते हुए नामांतरण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कर शिकायत का निस्तारण कर दिया गया है।

