बलकार्मिकों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की दी जानकारी
चंपावत स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पंचम वाहिनी मुख्यालय में मंगलवार को “टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवस” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बलकार्मिकों के बीच क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता फैलाना और भारत सरकार के टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाना रहा।
खबर
कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जिला अस्पताल चंपावत की टीबी समन्वयक प्रियंका पंत ने अधीनस्थ अधिकारियों और बलकार्मिकों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, उपचार और समय पर जांच कराने के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि टीबी पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है और समय पर पहचान व उचित इलाज से इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है। साथ ही लोगों से टीबी के प्रति जागरूक रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई।
कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने बलकार्मिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “टीबी मुक्त भारत अभियान” को जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही सफल बनाया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. विशाल बरनवाल, उप निरीक्षक सामान्य हुकुम चंद, सहायक उप निरीक्षक एवं फार्मासिस्ट बलेंद्र सिंह सहित एसएसबी के कई अधिकारी और बलकार्मिक मौजूद रहे।

