चम्पावत। नगर पालिका परिषद चम्पावत की माननीय अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे के निर्देशानुसार आज नगर क्षेत्र में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक विशेष स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करना तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों ने भाग लिया और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा पर्यावरण मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, कार्य के दौरान सुरक्षा उपाय, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो हर परिस्थिति में नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना नगर पालिका की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे ने कहा कि पर्यावरण मित्रों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पालिका लगातार गंभीर है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस सराहनीय पहल की नगरवासियों एवं पर्यावरण मित्रों ने प्रशंसा करते हुए नगर पालिका परिषद चम्पावत एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।
चम्पावत नगर पालिका का सराहनीय कदम — पर्यावरण मित्रों के लिए स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर आयोजित

