चंपावत
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ के संकल्प की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन के संरक्षण एवं शैक्षणिक वातावरण को आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य किया गया है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंपावत के भवन की स्थिति का संज्ञान लिए जाने के उपरांत दिए गए निर्देशों के क्रम में विद्यालय के कायाकल्प का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल ने प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि रूपांतरण मद के अंतर्गत स्वीकृत 3 लाख 10 हजार रुपये की धनराशि से विद्यालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं के सुधार तथा आधुनिक तकनीकों की स्थापना का कार्य पूर्ण कराया गया है। इसके अंतर्गत कक्षाओं में फर्श की मरम्मत कर आकर्षक टाइल्स लगाई गई हैं, वहीं भवन की छत पर ग्रेडिंग कार्य के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने हेतु पानी की टंकी के स्टैंड का निर्माण व स्थापना भी कराई गई है।शिक्षार्थियों को आधुनिक एवं डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय में 4K डिस्प्ले, 8 GB रैम, टच स्क्रीन तथा इन-बिल्ट साउंड बॉक्स से लैस 65 इंच का इंटरैक्टिव डिजिटल पैनल स्थापित कर विधिवत संचालित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त परिसर की जलापूर्ति प्रणाली की पाइप लाइनों की आवश्यक मरम्मत कराने के साथ ही सभी कक्षाओं में आकर्षक व बाल-सुलभ वॉल पेंटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।विभाग द्वारा कहा गया है कि विद्यालय जीर्णोद्धार एवं तकनीक सुदृढ़ीकरण से संबंधित यह समस्त कार्य निर्धारित उच्च गुणवत्ता मानकों एवं प्राकलन के अनुरूप निष्पादित किए गए हैं, जिससे अब विद्यार्थियों को एक सुरक्षित, आधुनिक और प्रेरक शैक्षणिक माहौल प्राप्त हो सकेगा।
kamal bhandari editor in chief ।

