चम्पावत,
*ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग, फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे में लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में स्टाफ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वादों, आबकारी विभाग, राजस्व वसूली, सेवा का अधिकार, अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे, पूर्ति विभाग, ई-ऑफिस तथा सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने तीन से पांच वर्ष पुराने लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एल.आर. एक्ट, धारा-143, धारा-229 सहित अन्य लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर देते हुए कहा कि उपजिलाधिकारी नियमित रूप से वादों की सुनवाई करें तथा जहां संभव हो, मध्यस्थता (आर्बिट्रेशन) के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का समाधान कराने का प्रयास करें।बैठक में जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को आबकारी अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व विभाग को बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत लंबित सत्यापन कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी विभागों में इसके अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी को मिड डे मील का राशन उपलब्ध कराने तथा राशन कार्डों का सत्यापन अभियान पूरा करने के साथ निरस्त किए गए राशन कार्डों का विवरण मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी, उप जिलाधिकारी श्री बी.सी. पंत, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री प्रियंका भट्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल सहित राजस्व विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
kamal bhandari editor in chief ।

