चंपावत से बड़ी खबर | मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली बड़ी मदद

चंपावत जनपद से एक मानवीय संवेदना से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी की विधानसभा क्षेत्र में ग्राम ढकना बडोला, पोस्ट ऑफिस चंपावत निवासी श्री तारा दत्त चनाई को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
बताया जा रहा है कि तारा दत्त चनाई पिछले 13-14 वर्षों से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके उपचार पर प्रतिदिन लगभग ₹120 का खर्च आता है। लंबे समय से आर्थिक तंगी के बावजूद वे स्वयं ही अपना इलाज करवा रहे थे।
इससे पहले भी चंपावत से पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी जी के पहले कार्यकाल के दौरान उन्हें ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की गई थी, लेकिन उसके बाद से उन्हें किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिल पाई थी।
हाल ही में तारा दत्त चनाई द्वारा जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार जी को एक प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹50,000 की सहायता राशि स्वीकृत करवाई।
इस सहायता से तारा दत्त चनाई और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने और उनकी पत्नी ने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार जी का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की है।
यह कदम एक बार फिर दर्शाता है कि सरकार और प्रशासन जरूरतमंदों की सहायता के लिए संवेदनशील और तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *