चंपावत
*नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान जारी: मानसूनी घास व झाड़ियों की सफाई कर नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने की पहल*
मानसून के मौसम में जगह-जगह उगी अत्यधिक घास और झाड़ियों के निस्तारण हेतु नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा एक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में इस अभियान के तहत नगर पालिका के समर्पित पर्यावरण मित्रों द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, मुख्य रास्तों, नालियों के किनारों और सार्वजनिक स्थानों पर उगी बड़ी-बड़ी घास तथा झाड़ियों की कटाई एवं व्यापक स्तर पर सफाई कार्य निष्पादित किया जा रहा है।अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लोहाघाट श्री सौरभ नेगी ने बताया कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाना है। वर्षा ऋतु के कारण उगी घनी झाड़ियों से जहरीले कीड़े-मकोड़ों, सांप-बिच्छू और मच्छरों के पनपने का खतरा बना रहता है, जिससे मौसमी बीमारियों का जोखिम बढ़ता है। इस अभियान के माध्यम से पूरे क्षेत्र को कीट-रहित और रोगमुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आमजन को एक स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सके।झाड़ियों और घास की सफाई से नालियों में होने वाले जलभराव तथा गंदगी की समस्या को कम करने में भी बड़ी मदद मिल रही है। पालिका प्रशासन का मानना है कि नालियों व सड़कों के किनारे जलभराव रुकने से आवागमन सुगम होगा और संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद लोहाघाट नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह से संकल्पबद्ध है। पालिका द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।इस दौरान पर्यावरण मित्र सहित अन्य उपस्थित रहे।
Kamal bhandari editor in chief ।

