देर रात तक खुला रहा सुनवाई केंद्र, एक भी पात्र मतदाता न छूटे—प्रशासन का बड़ा अभियान
चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने और त्रुटियों को दूर करने के लिए देर रात तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में विधानसभा क्षेत्र-55 चम्पावत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ढकना बडोला बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत देर रात तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई जारी रही।निरीक्षण के दौरान एईआरओ एवं तहसीलदार बृजमोहन आर्या ने प्राप्त आवेदनों, अभिलेखों के रख-रखाव और सुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। जिन मतदाताओं के नाम अभी तक सत्यापित नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में त्रुटियां हैं, उनके मामलों का सभी सुनवाई केंद्रों पर नियमित निस्तारण किया जा रहा है।बीएलओ, एईआरओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर अभिलेखों का सत्यापन कर मतदाता विवरण की मैपिंग तेजी से पूरी कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसका तत्काल सुधार भी किया जा रहा है।जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनके नाम, पते या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है अथवा उनका सत्यापन नहीं हुआ है, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित सुनवाई केंद्रों पर पहुंचकर समय रहते अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाई जा सके।
kamal bhandari editor in chief ।

