गोरलचौड़ मैदान में लगेगा श्रमिक कल्याण शिविर, पात्र श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ*

चम्पावत,

गोरलचौड़ मैदान में लगेगा श्रमिक कल्याण शिविर, पात्र श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड सरकार के उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत जनपद चम्पावत में श्रमिक कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में 08 अगस्त 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:30 बजे चम्पावत के शहरी क्षेत्र के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए गोरलचौड़ मैदान, चम्पावत में श्रमिक कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री जी.एस. खाती करेंगे। शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना एवं मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना सहित बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को प्रदान किया जाएगा।शिविर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री (एजुकेशन किट) तथा पात्र श्रमिकों को स्वच्छता सामग्री (हाइजीन किट) का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन भी किया जाएगा।08 अगस्त को आयोजित यह शिविर चम्पावत शहरी क्षेत्र के लिए होगा। इसके उपरांत जनपद के शेष क्षेत्रों में न्याय पंचायतवार निर्धारित तिथियों पर संबंधित स्थानों पर श्रमिक कल्याण शिविर आयोजित कर पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।मा. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शिविरों की समस्त प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। लाभार्थियों का पंजीकरण, सामग्री वितरण, फोटोग्राफी, जीपीएस आधारित उपस्थिति एवं अन्य समस्त अभिलेख ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे, जिससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पात्र श्रमिकों तक पहुंच सके।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चम्पावत शहरी क्षेत्र के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से 08 अगस्त को गोरलचौड़ मैदान में आयोजित शिविर में पहुंचकर तथा शेष क्षेत्रों के श्रमिकों से अपने-अपने न्याय पंचायत क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में सहभागिता कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *