7 सितंबर को होगा दक्षता आधारित आकलन ।
चंपावत। सचिव विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड के निर्देश पर परख एवं पहल परीक्षण के परिणामो की समीक्षा के उद्देश्य से जनपद चंपावत के समस्त राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों का दक्षता आधारित आकलन 7 सितंबर को प्रातः 9 बजे से कराया जाएगा। 60 मिनट की अवधि वाले इस आकलन में कक्षा 2 के लगभग 600, कक्षा 5 के 1,750 तथा कक्षा 8 के 2,250, यानी कुल 4,600 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक अधिगम स्थिति एवं विषयवार दक्षताओं की पहचान कर कमजोर दक्षताओं में सुधार के लिए प्रभावी उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित करना है।कक्षा 2 में भाषा एवं गणित, कक्षा 5 में भाषा, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 8 में भाषा, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान का आकलन होगा। प्रश्नपत्र में मुख्यतः वस्तुनिष्ठ एवं पठन-बोध आधारित प्रश्न शामिल होंगे। आकलन के बाद परिणामों का दक्षतावार विश्लेषण कर 7 से 28 सितंबर तक उपचारात्मक शिक्षण एवं प्रगति समीक्षा की जाएगी, जबकि 28 सितंबर को मध्यावधि आकलन प्रस्तावित है।आकलन को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह तथा प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) दिनेश सिंह खेतवाल को संयुक्त जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक विकासखंड के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों तथा वरिष्ठ डायट संकाय सदस्यों को नोडल एवं सह-नोडल प्रभारी की भूमिका सौंपी गई है। इसके साथ ही आकलन प्रकोष्ठ, बीआरपी एवं सीआरपी द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया जा रहा है।शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही अभिभावकों, एसएमसी/पीटीए एवं समुदाय से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। अभियान के तहत विद्यार्थियों की उपलब्धि में न्यूनतम 10 प्रतिशत सुधार का लक्ष्य रखा गया है। विद्यार्थियों के “कमजोर पक्षो की पहचान, उपचारात्मक शिक्षण और बेहतर अधिगम” के उद्देश्य से संचालित यह पहल प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
kamal bhandari editor in chief ।

