मा.मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनता मिलन में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान*

चम्पावत,

*जनता मिलन में आये 96 आवेदनों एवं शिकायतों पर सुनवाई, 12 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर बने*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, जनसुनवाई एवं त्वरित समस्या निस्तारण के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया गया।जनता मिलन में कुल 96 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, किसान सम्मान निधि, सड़क, पेयजल, भूमि संबंधी प्रकरण, सुरक्षा दीवार निर्माण, राशन कार्ड, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा पूर्ति विभाग से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शेष मामलों में भी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई की जाए।जनता मिलन के दौरान 12 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए और किसी भी पात्र नागरिक को योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।कार्यक्रम में ग्राम खकोड़ा से नारायण सिंह ने राशन कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास, ग्राम पुनियाल से महेश सिंह ने राशन कार्ड तथा ग्राम बिरगुल से विक्रम सिंह महराना ने आवास संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। इसी प्रकार ग्राम कांडा से निर्मला देवी ने सुरक्षा दीवार निर्माण, चूलागांव के ग्रामीणों ने चूलागांव मोटर मार्ग को पनार से जोड़ने, ग्राम डुंगरासेठी से ममता देवी ने खतौनी में नाम संशोधन तथा ग्राम बाजरीकोट से बलदेव जोशी ने सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त ग्राम खटोली मल्ली की ग्राम प्रधान सोनिया ने सड़क, पेयजल पाइपलाइन, आंगनबाड़ी भवन मरम्मत, सोलर लाइट एवं सिंचाई टैंक सहित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।इस अवसर पर परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *