आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत चम्पावत बना उत्तराखंड का मॉडल जिला, ‘आभा ऐप’ से मरीजों को मिलेगी लंबी लाइनों से राहत*

चम्पावत

*जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं*आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल, पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की दिशा में चम्पावत जिले को उत्तराखंड के मॉडल जिले के रूप में चयनित किया गया है। जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू करते हुए मरीजों को अस्पतालों में पंजीकरण एवं उपचार के दौरान होने वाली असुविधाओं से राहत दिलाने के लिए ‘आभा ऐप’ (ABHA App) के माध्यम से घर बैठे ओपीडी टोकन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.एस. ह्यांकी ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। मरीज आभा आईडी के माध्यम से घर बैठे अस्पताल का पंजीकरण कर ओपीडी टोकन प्राप्त कर सकते हैं। अस्पताल पहुंचने पर टोकन नंबर बताकर बिना लंबी लाइन में लगे ओपीडी पर्ची प्राप्त की जा सकेगी।उन्होंने बताया कि अस्पताल में ऐसे मरीजों एवं नागरिकों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिन्हें आभा ऐप डाउनलोड करने अथवा ऑनलाइन पंजीकरण में परेशानी हो रही है। साथ ही, आगामी चरणों में अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों का इंडोर रिकॉर्ड भी आभा आईडी से डिजिटल किए जाने की व्यवस्था की जाएगी।आभा आईडी के माध्यम से मरीज के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड एवं पूर्व उपचार का विवरण डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगा। इससे भविष्य में चम्पावत से बाहर किसी अन्य जनपद अथवा राज्य में उपचार कराने पर भी मरीज की सहमति के अनुसार संबंधित चिकित्सक को उसके पूर्व उपचार एवं स्वास्थ्य रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम एवं प्रभावी बन सकेगी।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने मोबाइल फोन में ‘आभा ऐप’ डाउनलोड कर घर बैठे ओपीडी टोकन की सुविधा का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में चम्पावत में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आभा आईडी बनवाकर अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखें तथा अन्य लोगों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *