चंपावत
मा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे श्री बद्रीनाथ, गंगोत्री, श्री रीठा साहिब, नानकमत्ता साहिब, पिरान कलियर शरीफ, ताड़केश्वर, कालीमठ, जागेश्वर, गैराड गोलू, गंगोलीहाट, बैजनाथ, हनोल, कालिका एवं ज्वाल्पा देवी को सम्मिलित किया गया है। इसी क्रम में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी माह सितम्बर अथवा अक्टूबर 2026 में श्री बद्रीनाथ धाम हेतु तीर्थ यात्रा का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, आवास तथा परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था पर्यटन विभाग द्वारा नि:शुल्क की जाएगी। यात्रा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व संबंधित पर्यटक आवास गृह में श्रद्धालुओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा, जिसके उपरांत अगले दिन यात्रा दल प्रस्थान करेगा। प्रत्येक दल में अधिकतम 30 यात्रियों को ही सम्मिलित किया जाएगा।योजना का लाभ लेने हेतु इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना अनिवार्य है, जिसमें पति या पत्नी में से किसी एक की आयु 60 वर्ष होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अपने साथ एक सहयोगी ले जाने की अनुमति होगी, जिसके यात्रा व्यय में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। श्रद्धालुओं का चयन ‘प्रथम आवत-प्रथम पावत’ (पहले आओ, पहले पाओ) के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक पात्र नागरिक निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र भरकर कार्यालय में जमा करा सकते हैं। यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया हेतु किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय- जिला पर्यटन विकास अधिकारी, चम्पावत से संपर्क स्थापित किया जा सकता है।
Kamal bhandari editor in chief ।

