लोक संस्कृति, सुपरहिट कलाकारों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, आज फिर सजेगी स्टार नाइट
चंपावत। ऐतिहासिक गोल्ज्यू महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आगाज़ होते ही पूरा चंपावत लोक संस्कृति और संगीत के रंग में रंग गया। 7 मई से शुरू हुआ यह महोत्सव 16 मई तक चलेगा, जिसमें व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्याएं लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।
14 मई की स्टार नाइट में हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने मेले को ऐतिहासिक बना दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली।
दो सत्रों में सजा सांस्कृतिक महाकुंभ
कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया गया।
पहला सत्र : बच्चों और स्थानीय प्रतिभाओं ने जीता दिल
दोपहर 4 बजे से शाम 7 बजे तक चले प्रथम सत्र में स्थानीय विद्यालयों और युवा कलाकारों ने मंच संभाला। सरस्वती शिशु मंदिर चंपावत एवं एशियन एकेडमी के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
स्थानीय कलाकार अनुज पांडे, सौरव पांडे, हर्षित जोशी, रंजू, रोहन, सिद्धि और वैष्णवी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
स्टार नाइट में कलाकारों ने मचाया धमाल
रात्रि 8 बजे से शुरू हुए द्वितीय सत्र में सूचना विभाग से जुड़ी जय गोल्ज्यू जन्मभूमि सांस्कृतिक कला केंद्र चंपावत की टीम मुख्य आकर्षण रही।
चंपावत में पहली बार प्रस्तुति देने पहुंचे फौजी ललित मोहन जोशी ने अपने लोकप्रिय गीतों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा पंडाल झूम उठा। उनके गीतों “नैनीताल की माधुरी”, “टकाटक कमला”, “आज का दिन”, “तू होली घर”, “बना कश्मीरा बॉर्डर”, “प्यारी में आप ही लाडू लो” समेत कई प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे।
वहीं कुमाऊंनी-गढ़वाली और जौनसारी लोकगायक दर्शन फर्स्वाण ने “हे नंदा हे गौरा” स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद “झुमका ली”, “मोती मैना”, “लाल बिंदुली”, “रंगीली बाना” जैसे गीतों ने महफिल में चार चांद लगा दिए।
लोकप्रिय गायिका स्वाति भट्ट के गीत “सलामी दो हाथों की दियुला” और “राम दाई को होटल” पर पूरा पंडाल झूम उठा।
कॉमेडियन लच्छू पहाड़ी ने अपने हास्य और डांस से दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया, जबकि हरीश जोशी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथियों की मौजूदगी से बढ़ी शोभा
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, हरि प्रिया जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मंदिर समिति अध्यक्ष श्याम सिंह कार्की, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, बनबसा नगरपालिका अध्यक्ष रेखा देवी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर दत्त पांडे और पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुरिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पालिका और आयोजन समिति ने संभाली शानदार व्यवस्थाएं
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भवन चंद्र जोशी, नीरज जोशी और राजेंद्र द्वारा किया गया। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी, सिटी मैनेजर महेश चौहान एवं पालिका टीम ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय में मुकेश गिरी, रोहित बिष्ट और प्रदीप भट्ट का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति और अध्यक्ष प्रेम पांडे की टीम कार्यक्रम समाप्ति तक व्यवस्थाओं में जुटी रही।
आज फिर सजेगी स्टार नाइट, इन कलाकारों का रहेगा जलवा
15 मई को भी कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र में स्थानीय कलाकार और स्कूली बच्चे अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं द्वितीय सत्र में सूचना विभाग से आई पायल सांस्कृतिक कला केंद्र अल्मोड़ा की टीम प्रस्तुति देगी।
स्टार नाइट में आज खुशी जोशी, गोविंद अधिकारी, सौरभ मैथानी और श्वेता मेहरा अपने गीतों और प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
“गोल्ज्यू महोत्सव बना संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं का सबसे बड़ा मंच”











