डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने सरकार को भेजा बड़ा ज्ञापन, स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज
चम्पावत।
डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन चम्पावत ने जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन भेजते हुए 20 मई 2026 को समस्त मेडिकल स्टोर बंद रखने की घोषणा की है। संगठन ने नकली एवं अनुचित ब्रांड की दवाइयों के बढ़ते खतरे, एंटी माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (AMR) और दवा बाजार में बढ़ती अव्यवस्था को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया है।
एसोसिएशन का कहना है कि वर्तमान समय में दवाओं पर हो रही अत्यधिक DEEP DISCOUNTING और अनियमित व्यापारिक गतिविधियों के कारण असली दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने स्पष्ट कहा कि दवा केवल व्यापार नहीं बल्कि सीधे जनता के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।
ज्ञापन में कहा गया कि कोविड-19 महामारी के दौरान लागू किए गए अस्थायी प्रावधानों का अब गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है, जिससे नियमों की अनदेखी बढ़ रही है। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि जी.एस.आर. 220(E) दिनांक 26/03/2020 तथा जी.एस.आर. 817(E) दिनांक 28/08/2018 के नियमों को पुनः प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें :
नकली एवं घटिया दवाओं पर सख्त कार्रवाई
मेडिकल व्यापार में नियमों का कड़ाई से पालन
DEEP DISCOUNTING पर रोक
जनस्वास्थ्य सुरक्षा हेतु मजबूत निगरानी व्यवस्था
दवा विक्रेताओं के हितों की रक्षा
एसोसिएशन ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। संगठन ने सभी दवा व्यापारियों से 20 मई को मेडिकल स्टोर बंद रखकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
“जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है, नियमों का पालन अनिवार्य है”
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए दवा व्यापारियों का बड़ा कदम माना जा रहा है यह बंद आंदोलन।


