अप्रैल माह में प्रथम स्थान, 48.81 प्रतिशत उपलब्धि के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन बरकरार
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व, प्रभावी समन्वय और सतत अनुश्रवण के परिणामस्वरूप जनपद चम्पावत ने भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में एक बार फिर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जनपद ने वित्तीय वर्ष 2026 -27अप्रैल माह में शीर्ष स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यसंस्कृति, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं परिणाम आधारित मॉनिटरिंग का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद ने कुल 28 रैंकिंग मदों में से 16 में ‘A’ श्रेणी तथा 1 में ‘B’ श्रेणी 1 में C और 10 में D श्रेणी प्राप्त की है। जो विकास योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को दर्शाता है।उन्होंने बताया कि कुल 84 अंकों में से 41 अंक प्राप्त कर चम्पावत ने 48.81 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। वहीं चमोली और देहरादून 44.44 प्रतिशत अंकों के साथ क्रमशःद्वितीय और तृतीय तृतीय स्थान पर रहें ।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद का उद्देश्य केवल रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी महीनों में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाई जाए तथा जनकेंद्रित एवं परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को और सशक्त बनाया जाए।

