एसबीआई आरसेटी चम्पावत में ब्यूटी पार्लर एवं फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन,

भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), चम्पावत के तत्वावधान में महिलाओं के कौशल संवर्धन एवं स्वरोजगार सृजन के उद्देश्य से आयोजित किए गए 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर तथा 12 दिवसीय फास्ट फूड लघु उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर में उपस्थित जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया गया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास पर आधारित इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं। उन्होंने समस्त प्रतिभागियों से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अर्जित किए गए ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने तथा समाज की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक परियोजना निदेशक सुश्री विमी जोशी ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपने अटूट आत्मविश्वास, सतत परिश्रम एवं कौशल के बल पर प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को कहा कि वे इस प्रशिक्षण को मात्र एक प्रमाण-पत्र तक ही सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी आजीविका एवं आर्थिक स्वावलंबन का सुदृढ़ माध्यम बनाएं। स्वरोजगार न केवल आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करता है, वरन समाज में महिलाओं की सशक्त भागीदारी को भी स्थापित करता है।
उल्लेखनीय है कि इस व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से संबंधित फेशियल, मेकअप, हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर तथा मेहंदी जैसी सौंदर्य सेवाओं का गहन सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, फास्ट फूड लघु उद्यमी प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को विभिन्न खाद्य पदार्थों के निर्माण, स्वच्छता व शुद्धता के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पाद विपणन एवं लघु उद्यम प्रबंधन की महत्वपूर्ण प्रशासनिक व व्यावसायिक बारीकियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिला प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री प्रांशु मैठाणी ने संस्थान की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि एसबीआई आरसेटी द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के ध्येय से समय-समय पर विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी प्रतिबद्धता के साथ संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में आरसेटी के बाह्य परीक्षक जनार्दन चिलकोटी, पुष्पा मैनी, भगवती बिष्ट सहित संस्थान के फैकल्टी सदस्य, प्रशिक्षणार्थी एवं कई अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *