घर में घुसा हिरण का बच्चा, परिवार की सूझबूझ से सुरक्षित रेस्क्यू

रिपोर्टर: कमल भंडारी

चंपावत से इस वक्त एक सकारात्मक और सराहनीय खबर सामने आई है, जहां इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली।

नगर क्षेत्र में आज सुबह करीब 9:30 बजे घने जंगलों से भटककर एक हिरण का बच्चा (स्थानीय भाषा में ‘कांकड़’) सभासद प्रतिनिधि सनी वर्मा के घर में जा पहुंचा। बताया जा रहा है कि यह बच्चा तार की जाली पार कर शहरी इलाके में आ गया था।

इस संवेदनशील स्थिति में सनी वर्मा और उनके परिवार ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने घबराने या जानवर को पकड़ने की कोशिश करने के बजाय उसे सुरक्षित और सहज बनाए रखने का प्रयास किया। साथ ही तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक हिरण के बच्चे का रेस्क्यू किया। अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू के दौरान बच्चा हल्का चोटिल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अपने साथ ले जाया गया है। विभाग ने बताया कि 1-2 दिन के उपचार के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।

इस मानवीय पहल को लेकर पूरे क्षेत्र में सनी वर्मा की सराहना हो रही है।

इस मौके पर सनी वर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्र में आ जाए, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाया जा सके।

संदेश स्पष्ट है — इंसान और वन्यजीव के बीच संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *