जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत के तहसील पाटी अंतर्गत योगेश जोशी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, देवीधुरा में आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आपदा की स्थिति में सुरक्षित रहने एवं प्रभावी बचाव के उपायों से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, प्राथमिक चिकित्सा तथा भूकंपरोधी भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि आपदा की स्थिति में किस प्रकार स्वयं, अपने परिवार तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित रखा जा सकता है। साथ ही बाढ़ एवं भूस्खलन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा भूकंप के समय किए जाने वाले त्वरित एवं सुरक्षित उपायों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR) तकनीक, घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने की विधि, आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के उपयोग, रैपलिंग एवं जुमारिंग तकनीक, रिवर क्रॉसिंग तथा स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर निर्माण की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण की मूलभूत जानकारी प्रदान करते हुए आपातकालीन मोबाइल नंबरों, टोल फ्री सेवाओं एवं महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को “सचेत” एवं “भूकम्प” मोबाइल एप की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे आपदा के समय त्वरित सूचना एवं सहायता प्राप्त की जा सके।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अमित कुमार एवं उनकी टीम के 10 सदस्य, विद्यालय के 10 अध्यापक एवं कार्मिकों सहित कुल 85 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

