‘4 साल बेमिसाल’ पर चम्पावत के चारों विकासखंडों में लगे बहुउद्देशीय शिविर, सैकड़ों लाभान्वित

चम्पावत के प्रत्येक विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर, आमजन को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

जन जन की सरकार ‘4 साल बेमिसाल’ के उपलक्ष्य में जनपद चम्पावत के चारों विकासखंडों चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट एवं पाटी में व्यापक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सभी तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना तथा आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित इन शिविरों में विभिन्न रेखीय विभागों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से आच्छादित किया गया।

शिविरों में चिकित्सा, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, दुग्ध विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित अन्य प्रमुख विभागों द्वारा जनसेवा से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए बीपीएल प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा विधवा, दिव्यांगता एवं वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आवेदनों को स्वीकृत कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एग्री स्टेक पंजीकरण, कृषि दवाओं का वितरण एवं काश्तकारों को पॉलीहाउस जैसी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया गया, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। विद्युत विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही विद्युत बिल वितरण, संशोधन एवं नए कनेक्शन से संबंधित समस्याओं का समाधान भी तत्परता से किया गया।

इन बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। सभी विकासखंडों में सैकड़ों लाभार्थियों को त्वरित राहत एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी चम्पावत अशोक अधिकारी, लोहाघाट कविंद्र रावत, बाराकोट अवनीश उपाध्याय तथा पाटी मोनिका पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *