लोहाघाट में डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का शुभारंभ, पशु कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

चम्पावत। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को लोहाघाट में एनजीओ निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयासों तथा श्री राजभट्ट के सहयोग से स्थापित डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस वेटरनरी हॉस्पिटल की स्थापना पशु कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों से पालतू पशुओं के साथ-साथ घायल एवं बेसहारा (स्ट्रीट) पशुओं को भी गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पशुओं के अधिकारों, सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों की भावना के अनुरूप यह प्रयास समाज में पशु संरक्षण और संवेदनशीलता को बढ़ावा देगा।

जिलाधिकारी ने संस्था द्वारा पशु सेवा एवं संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से पशु कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव है। वेटरनरी हॉस्पिटल का संचालन गिरीश चंद भट्ट, किशोर सिंह बिष्ट एवं अनीता बिष्ट द्वारा किया जाएगा, जबकि पशुओं के उपचार की जिम्मेदारी डॉ. जतिन खर्कवाल निभाएंगे।

निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि किशोर सिंह बिष्ट ने बताया कि एनजीओ द्वारा एक एनिमल रेस्क्यू सेंटर भी संचालित किया जा रहा है, जहां घायल, बीमार एवं पीड़ित पशुओं का रेस्क्यू कर उनका उपचार एवं देखभाल की जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पशु कल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनपद में पशु चिकित्सा एवं पशु संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *