चंपावत। नगर पालिका परिषद के नगर आजीविका केंद्र (सीएलसी) को स्कॉच अवार्ड-2026 के लिए नामित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए 28 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण और आजीविका बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत नगर आजीविका केंद्र में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया है। यहां सॉफ्ट टॉय निर्माण, सिलाई, ऐपण उत्पाद, खाद्य सामग्री और गृह सज्जा से जुड़े उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। नगर आजीविका केंद्र के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लाखों का व्यवसाय कर रहीं हैं। इन उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए केंद्र को स्कॉच अवार्ड-2026 के लिए चुना गया है।
—————–जिले की महिलाओं की मेहनत को मिला सम्मान
नगर आजीविका केंद्र से जुड़ी महिलाओं की कहानी दिल्ली तक पहुंची चंपावत। पहाड़ की महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता की मिसाल अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। नगर पालिका परिषद चंपावत के नगर आजीविका केंद्र (सीएलसी) से जुड़ी महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के प्रयासों को देखते हुए संस्था को वर्ष 2026 के लिए रैंकिंग अवार्ड के लिए चुना गया है। चंपावत की कई महिलाओं की तरह ही यहां की एक साधारण महिला ने भी आत्मनिर्भर बनने का सपना देखा और उसे सच कर दिखाया। स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारी, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गईं। नगर आजीविका केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, फूड प्रोसेसिंग, सॉफ्ट टॉय निर्माण और अन्य छोटे उद्योगों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रशिक्षणों के जरिए महिलाएं अब घर बैठे ही आय अर्जित कर रही हैं। महिला समूहों की ओर से बनाए गए उत्पादों को स्थानीय बाजार के साथ-साथ मेलों और प्रदर्शनी में भी जगह मिल रही है।
ईओ भरत त्रिपाठी ने बताया कि नगर आजीविका केंद्र के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अब तक करीब 42 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया है। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है साथ ही वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। अब दिल्ली में मिलने वाले इस सम्मान से न केवल नगर पालिका परिषद चंपावत बल्कि यहां की मेहनती महिलाओं का भी हौसला और बढ़ेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे


