कर्तव्य की राह: मूसलाधार बारिश में पैदल पहुंची सचल पशुचिकित्सा सेवा, बचाई दुधारू गाय की जान ।

चम्पावत

*कर्तव्य की राह: मूसलाधार बारिश में पैदल पहुंची सचल पशुचिकित्सा सेवा, बचाई दुधारू गाय की जान

*जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मार्ग अवरुद्ध होने के बावजूद चम्पावत दुग्ध संघ की सचल पशुचिकित्सा सेवा ने अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक पशुपालक की दुधारू गाय का जीवन बचाकर सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।धुरा दुग्ध समिति की सदस्या श्रीमती देवकी देवी की दुधारू गाय अचानक दुग्ध ज्वर (मिल्क फीवर) से पीड़ित होकर जमीन पर गिर पड़ी। गाय की हालत लगातार गंभीर होती जा रही थी। यह गाय देवकी देवी के परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार होने के कारण पूरा परिवार चिंतित था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने चम्पावत दुग्ध संघ की सचल पशुचिकित्सा सेवा से संपर्क किया। लगातार वर्षा के कारण सड़कें बाधित होने से वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका, लेकिन सेवा के प्रति समर्पित पशुचिकित्सक डॉ. जावेद खान ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। वे आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री के साथ कई किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचे और तत्काल उपचार शुरू किया।डॉ. जावेद खान ने लगातार दो दिनों तक गाय का गहन उपचार एवं निगरानी की। उनकी मेहनत, समय पर उपचार और उचित देखभाल का सकारात्मक परिणाम सामने आया तथा दूसरे दिन के अंत तक गाय पूरी तरह अपने पैरों पर खड़ी हो गई।अपनी दुधारू गाय को स्वस्थ देखकर श्रीमती देवकी देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने चम्पावत दुग्ध संघ तथा सचल पशुचिकित्सा सेवा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद समय पर मिली चिकित्सा सहायता ने उनकी आजीविका को सुरक्षित रखने का कार्य किया है।चम्पावत दुग्ध संघ की सचल पशुचिकित्सा सेवा दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी पशुपालकों तक समय पर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाकर पशुधन संरक्षण तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *