सेवा पखवाड़ा के विशेष शिविर में उमड़ी जनता, एक ही स्थान पर मिली सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की सुविधा*

*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी में उपस्थिति में आयोजित शिविर में 2362 नागरिकों ने किया प्रतिभाग, 154 समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण*उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में सुशासन एवं जनसेवा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित 15 दिवसीय “सेवा पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत रविवार को बूम-शारदा घाट, ऊंचौलीगोठ (टनकपुर) में बहु-विभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। आगामी 18 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जा सके।शिविर में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुँचाया जाए।शिविरों के माध्यम से सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए प्रशासनिक सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा इसी सोच का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ, योजनाओं की जानकारी तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहाँ नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं विभागीय सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। दूसरे दिन आयोजित शिविर में 2362 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए शिविर में ‘ऑन-द-स्पॉट’ सेवाओं के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा 154 समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा आवश्यक प्रमाण-पत्र तत्काल जारी किए गए। वहीं उरेडा, बाल विकास तथा ग्राम्य विकास विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया।इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे, श्री सुभाष बगौली, श्रीमती हेमा जोशी, श्री मुकेश महराना, श्री हुकुम सिंह कुँवर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक सुश्री विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Kamal Bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *