आसन और प्राणायाम का दिया प्रशिक्षण, प्रतिभागियों को किए पुरस्कृत
चम्पावत। डिग्री कॉलेज अमोड़ी में आयोजित सात दिवसीय योग शिविर का मंगलवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और वैकल्पिक चिकित्सा की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर पश्चिमोत्तासन, तितली आसन, गोमुखासन, त्रिकोणासन, ताड़ासन और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में एक्यूप्रेशर, सुजोक और मर्म चिकित्सा के माध्यम से सर्वाइकल और कमर दर्द से राहत के उपाय भी बताए गए।
योग से तन और मन दोनों स्वस्थ
योग प्रशिक्षक हरीश चंद्र ओझा ने कहा कि बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को योग से जोड़ना उनका मुख्य उद्देश्य है। साथ ही वैकल्पिक चिकित्सा के जरिए गंभीर रोगों से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राचार्य अजीत दीक्षित ने बताया कि महाविद्यालय में नियमित योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्र और स्थानीय लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग तन और मन के बीच संतुलन स्थापित कर मानसिक शांति प्रदान करता है।
इस दौरान नीमा भट्ट, भागीरथी भट्ट, सुलोचना भट्ट, तुलसी भट्ट, गीता भट्ट, ग्राम प्रधान रेखा बोरा, दीपक सिंह बोरा, प्रिया भट्ट, तारा विश्वकर्मा और देवेंद्र सिंह नेगी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

