मा. मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं को समयबद्ध गति देने के लिए प्रशासन सक्रिय, जिलाधिकारी ने की व्यापक समीक्षा*

चम्पावत,

*शारदा कॉरिडोर,रोपवे ,आईएसबीटी सहित प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर**विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकता : जिलाधिकारी*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा टनकपुर क्षेत्र के लिए स्वीकृत विभिन्न महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शारदा कॉरिडोर, आईएसबीटी सहित टनकपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का परीक्षण किया गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं एवं हितधारकों को योजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप टनकपुर क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं को तेजी पूर्ण किया जाना शीर्ष प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू), यूपीडीसीसी तथा संबंधित ठेकेदारों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में आने वाली तकनीकी एवं औपचारिक बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि टनकपुर क्षेत्र में संचालित सभी विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं एवं स्वच्छता अभियानों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से की जाएगी। इसके लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कार्यों की सतत निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में विद्युत विभाग द्वारा ककराली गेट से मां पूर्णागिरि मंदिर तक संचालित विद्युतीकरण एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त ठूलीगाड़ में प्रस्तावित मल्टी-लेवल कार पार्किंग परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए तथा अनुबंधित समय-सीमा से पूर्व कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन में जिला प्रशासन के सहयोग अथवा किसी प्रकार की अनुमति की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर विकास कार्यों की गति को निरंतर बनाए रखा जा सके।बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख चम्पावत भुवन चंद पाण्डेय, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, टीम लीडर शारदा परियोजना सत्यजीत राय गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल, मयंक मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।

Kamal Bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *