‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में बड़ा कदम: विद्यालयों में सुदृढ़ स्वच्छता व्यवस्था, छात्राओं हेतु आधुनिक शौचालय ब्लॉक समर्पित
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को साकार करते हुए जनपद के राजकीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, गरिमा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए चयनित विद्यालयों में आधुनिक शौचालय ब्लॉक्स का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर उन्हें शिक्षा विभाग को विधिवत हस्तांतरित कर दिया गया है।
इस पहल के अंतर्गत विशेष रूप से छात्राओं की आवश्यकताओं को केंद्र में रखते हुए ‘मॉड्यूलर गर्ल्स सैनिटेशन (शौचालय)’ सुविधाओं की स्थापना की गई है। प्रत्येक चयनित विद्यालय में दो-दो अत्याधुनिक शौचालय ब्लॉक्स का निर्माण किया गया है, जो स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुविधा के उच्च मानकों को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए हैं।
परियोजना के तहत राजकीय हाईस्कूल कन्यूड़ा, राजकीय हाईस्कूल नीड, राजकीय प्राथमिक विद्यालय भयूना, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मंच तथा राजकीय हाईस्कूल सोराई में आधुनिक शौचालय ब्लॉक्स का निर्माण कर उन्हें संबंधित विद्यालय प्रबंधन को सौंप दिया गया है।
इन संस्थानों में निर्मित सुविधाएं छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं गरिमामय वातावरण सुनिश्चित करेंगी, जिससे उनकी उपस्थिति एवं सहभागिता में भी सकारात्मक वृद्धि की अपेक्षा है।
पूरी परियोजना को नेस्ले इंडिया द्वारा सीएसआर मद से लगभग 12.50 लाख रुपये की लागत से संपन्न किया गया है, जिसमें प्रत्येक विद्यालय में औसतन 2.50 लाख रुपये का निवेश कर गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ आधारभूत संरचना विकसित की गई है।
इन मॉड्यूलर शौचालयों के निर्माण से न केवल स्वच्छता मानकों में सुधार होगा, बल्कि विद्यालयों में स्वास्थ्यप्रद वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में इस कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया गया है, जिसका उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विकास नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं को एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और सुधार किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सकें।


