शादी समारोह से लौटते समय हुई वारदात, तीन नामजद

शादी में गई थी पीड़िता, देर रात डेयरी के पास मिली; पुलिस की त्वरित कार्रवाई


चम्पावत जिले में एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बरामद कर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


मामला चम्पावत जनपद के ग्राम सल्ली का है, जहां बीते 5 मई को एक नाबालिग बालिका शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। चिंतित परिजनों ने 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।

पुलिस टीम ने पीड़िता को एक डेयरी के पास से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने कुछ व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए मेडिकल परीक्षण कराया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को संरक्षित कर साक्ष्य संकलन शुरू किया। फील्ड यूनिट ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि एसओजी और स्थानीय पुलिस टीमों को क्षेत्र में तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।

पीड़िता के पिता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं पीड़िता से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *