ललुवापानी बनलेख मोटर मार्ग में अवैध खनन कर पेड़ों को पहुंचाया जा रहा नुकसान

चंपावत। जिला मुख्यालय से करीब सात किमी दूर ग्राम पंचायत पल्सों में लोगों ने अवैध खनन करने और मशीन से पेड़ों को फेंकने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है दर्जनों हरे पेड़ों को भी काटकर वन संपदा को नुकसान किया जा रहा है।

बृहस्पतिवार को सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश जोशी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि ललुवापानी-बनलेख मोटर मार्ग के किमी 1.7 मीटर में अवैध रूप से हरे भरे पेड़ों को मशीन लगाकर उखाड़ कर अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थल पर चीड़ और स्थानीय फल काफल और राज्य पुष्प बुरांश, उतीस के पेड़ स्थित हैं। बड़े-बड़े बोल्डर और पत्थर निकाले जा रहे हैं, इससे वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है और रात्रि में पत्थरों की बिक्री के साथ ही मलबा और हरे-भरे पेडों को खाई के जल स्रोतों में फेंका जा रहा है, इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वन विभाग के एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि चार पेड़ों का गिराया गया है। किसी भी पेड़ को काटा नहीं गया है। टीम को मौके पर भेजा गया है। कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *