जनसमस्याओं के समाधान में न हो अनावश्यक देरी, जनता मिलन में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश*

चम्पावत,

*जनसमस्याओं के समाधान में न हो अनावश्यक देरी, जनता मिलन में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश*

*दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की सुनी समस्याएं, 95 शिकायतों एवं आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद के विभिन्न एवं दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। कार्यक्रम में कुल 95 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत महत्वपूर्ण है। अधिकारी समस्याओं को केवल संबंधित विभाग को प्रेषित करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग भी करें। जिन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर से संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।जनता मिलन में सोलर लाइट, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, तारबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, आपदा से क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, सड़क एवं पेयजल सहित विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।ग्राम पल्सों के श्री गिरधारी राम ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं सोलर लाइट लगाने की मांग रखी। ग्राम पंचायत धुरचम के तोक न्याड़ी से श्री रमेश चन्द्र थ्वाल ने चेनलिंक फेंसिंग, ग्राम बाड़ासुसेरा के श्री सोबन सिंह ने आपदा से क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा, सोलर लाइट एवं तारबाड़ तथा ग्राम मौराड़ी के श्री चन्द्रमणि जोशी ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ कराए जाने हेतु प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम सिलिंगटाक की पूर्व ग्राम प्रधान श्रीमती लक्ष्मी देवी ने सीसी मार्ग निर्माण की मांग रखी। ग्राम पंचायत मल्ली खटोली की श्रीमती सोनिया देवी ने दूरस्थ ग्राम क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को स्थल एवं आवश्यकता का परीक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।जनता मिलन में जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को इन आवेदनों पर नियमानुसार प्राथमिकता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, अधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे लोगों को जनता मिलन स्थल पर ही स्वास्थ्य योजना से जुड़ने की सुविधा मिली।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी श्री बी.सी. पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री दीपकीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी श्री भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *