दीयूरी में बाघ की दस्तक से दहशत, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने संभाला मोर्चा
चम्पावत के दीयूरी क्षेत्र में बाघ और गुलदार की लगातार मूवमेंट से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। बाघ की गतिविधि का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और जनप्रतिनिधियों को सूचना दी। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचा तो वन विभाग ने भी बिना देर किए क्षेत्र में ट्रैप कैमरे स्थापित कर निगरानी शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।चम्पावत के दीयूरी क्षेत्र में बाघ और गुलदार की मूवमेंट ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में बाघ की गतिविधि का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी वन विभाग और अपने जनप्रतिनिधि को दी।जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुंदर सिंह बोहरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग को तत्काल सूचना दी और क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने के साथ ही वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की मांग की।मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप कैमरे स्थापित कर दिए हैं। अब इन कैमरों के माध्यम से बाघ और गुलदार की वास्तविक मूवमेंट का पता लगाया जाएगा।वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को भी जागरूक करते हुए अपील की है कि वे अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में जाने से बचें। रात के समय घरों और आसपास पर्याप्त रोशनी रखें और जरूरत पड़ने पर समूह में ही आवाजाही करें।वहीं जंगल में चारा-पत्ती लेने जाने वाली महिलाओं से भी समूह में जाने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी करेगी और वन्यजीव की मूवमेंट सामने आने के बाद परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल कैमरे लगा दिए गए हैं और अब वन विभाग की नजर बाघ की अगली गतिविधि पर है। ग्रामीणों से अपील है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसका पीछा करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।दीयूरी में दहशत के बीच वन विभाग की निगरानी शुरू, अब ट्रैप कैमरे बताएंगे जंगल में बाघ की असली मूवमेंट।
kamal bhandari editor in chief

